Spread the love


जमशेदपुर: स्वदेशी जागरण मंच की महिला कार्यकर्ताओं की ओर से रविवार को सावन महोत्सव के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सावन माह के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। संगोष्ठी का उद्देश्य भारतीय परंपराओं, पारिवारिक मूल्यों और समाज में महिलाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वीमेंस कॉलेज की प्राचार्या त्रिपुरा झा उपस्थित रहीं। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में जुगसलाई नगर परिषद की उपाध्यक्ष अर्चना दुबे और भाजपा जिला मंत्री रिंकू सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने भगवान शिव और माता पार्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की।
संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने सावन माह को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में विशेष महत्व वाला महीना बताते हुए इसके सामाजिक एवं पारिवारिक पक्ष पर भी प्रकाश डाला। महिलाओं से भारतीय संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच की महिला कार्यकर्ताओं समेत अन्य महिलाएं मौजूद रहीं और सावन महोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाया।

error: Content is protected !!
Exit mobile version