पटना: पटना जिले के बख्तियारपुर में देर रात एक दर्दनाक अग्निकांड में सास-बहू और छह माह की मासूम बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा पुरानी बाइपास इलाके में एक बाइक पार्ट्स और हार्डवेयर की दुकान से जुड़े मकान में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।हादसे में मृतकों की पहचान रीमा देवी, गीता देवी और छह माह की सुंदरी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
दुकान से मकान तक तेजी से फैली आग
जानकारी के अनुसार, देर रात बाइक पार्ट्स और हार्डवेयर की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से सटे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में मौजूद ज्वलनशील सामान और मोबिल ऑयल के कारण आग तेजी से फैलने की बात सामने आ रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुकान में हवन के दौरान आग लगने की बात कही जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
ऊपर के कमरे में फंसे थे लोग
आग की लपटें तेजी से ऊपर के कमरों तक पहुंच गईं। उस समय मकान में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। आग और धुएं के कारण तीन लोगों की जान चली गई।वहीं, एक दंपति ने किसी तरह छत से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। हादसे में दो महिलाओं और छह माह की मासूम बच्ची की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मृतकों की पहचान रीमा देवी, गीता देवी और सुंदरी कुमारी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद राहत और बचाव का काम किया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।




