

जमशेदपुर के मानगो इलाके में 16 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने मानगो थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
मृतक की पहचान मानगो निवासी रियान के रूप में हुई है, जिसे परिजन अपेंडिक्स के ऑपरेशन के लिए डॉक्टर बदर की क्लिनिक लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक में डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन दिए जाने के तुरंत बाद ही रियान की हालत अचानक बिगड़ गई।
परिजनों के अनुसार, इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद किशोर के मुंह से झाग निकलने लगा और उसकी तबीयत तेजी से खराब होने लगी। स्थिति गंभीर होते देख डॉक्टर ने उसे तत्काल सदर अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया।
सदर अस्पताल पहुंचने पर वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद रियान को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना से गुस्साए परिजन मानगो थाना पहुंचे और डॉक्टर बदर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस दौरान थाना परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पूरे घटनाक्रम की छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
