
नई दिल्ली : चीन के एक 32 वर्षीय युवक ने कमाई का ऐसा अनोखा तरीका खोज निकाला है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। युवक ने लोगों की पीठ और शरीर के दूसरे हिस्सों की खुजली मिटाने की प्रोफेशनल सर्विस शुरू की और देखते ही देखते यह बिजनेस लोगों के बीच लोकप्रिय हो गया।
खुजली मिटाने के लिए लोग दे रहे ₹4,200
हुआबेई प्रांत के रहने वाले झांग शियाओकियाओ ने शेनझेन शहर में ‘सुमु’ ब्रांड के नाम से यह अनोखी सेवा शुरू की है। यहां ग्राहक आराम से बेड पर लेटते हैं और प्रशिक्षित स्टाफ विशेष उपकरणों की मदद से उनकी पीठ और शरीर के अलग-अलग हिस्सों को खुजलाता है।
इस अनोखी सर्विस की कीमत करीब ₹4,200 प्रति घंटे बताई गई है। खास बात यह है कि इसे सिर्फ खुजली मिटाने की सेवा नहीं, बल्कि आराम और तनाव कम करने वाले अनुभव के तौर पर भी पेश किया जा रहा है।
दो आउटलेट और हर महीने ₹14 लाख की कमाई
झांग ने मई में शेनझेन के बाओआन जिले में अपना पहला आउटलेट शुरू किया था। सफलता मिलने के बाद करीब एक महीने में फुतियान जिले में दूसरा ब्रांच भी खोल दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों आउटलेट मिलकर हर महीने करीब ₹14 लाख की कुल कमाई कर रहे हैं। इस अनोखे बिजनेस की मांग लगातार बढ़ने का दावा किया गया है।
सोशल मीडिया वीडियो से आया बिजनेस आइडिया
झांग को इस बिजनेस का आइडिया सोशल मीडिया पर देखे गए एक वीडियो से मिला। वीडियो में एक महिला अपने पति की पीठ खुजला रही थी। वीडियो पर आए कमेंट्स से उन्हें अंदाजा हुआ कि लोग इस तरह की सेवा के लिए पैसे खर्च करने को तैयार हो सकते हैं।
इसके बाद उन्होंने अलग-अलग तरीकों का परीक्षण किया और ग्राहकों के लिए आरामदायक अनुभव तैयार किया।
अब 100 आउटलेट खोलने का लक्ष्य
झांग का अगला लक्ष्य पूरे चीन में 100 आउटलेट खोलना है। उनका मानना है कि बड़े शहरों में तनाव और व्यस्त जीवनशैली के बीच ऐसी रिलैक्सेशन सर्विस की मांग बढ़ सकती है।
एक साधारण जरूरत को अनोखे बिजनेस मॉडल में बदलकर कमाई का जरिया बनाने की यह कहानी अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।