
लखनऊ : उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख वस्त्र एवं परिधान उद्योग केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में योगी सरकार ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार से दो दिवसीय ‘यूपी टेक्स’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। आयोजन में टेक्सटाइल और परिधान उद्योग से जुड़े उद्यमी, निवेशक, विशेषज्ञ और अन्य हितधारक शामिल होंगे।
हथकरघा से आधुनिक टेक्सटाइल तक पर फोकस
‘यूपी टेक्स’ में हथकरघा, रेशम, वस्त्र एवं परिधान और हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके जरिए प्रदेश की पारंपरिक कला, बुनकरों के हुनर और आधुनिक टेक्सटाइल उद्योग को एक बड़े मंच पर लाने की कोशिश होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वस्त्र एवं परिधान उद्योग से जुड़े उद्यमियों के साथ संवाद भी करेंगे। इस दौरान प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, उद्योग की जरूरतों और सरकार की योजनाओं पर चर्चा होगी।
बुनकरों के लिए नई योजनाओं की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान ‘यूपी टेक्स मित्र’ पोर्टल, हथकरघा बुनकर समृद्धि योजना और उत्तर प्रदेश वस्त्र क्षेत्र प्रशिक्षण एवं कौशल विकास योजना की शुरुआत की जाएगी। इन पहलों का उद्देश्य बुनकरों और टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े लोगों को सुविधाएं, प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
सरकार की कोशिश है कि पारंपरिक हथकरघा और हस्तशिल्प को आधुनिक बाजार से जोड़ा जाए, ताकि स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश में बड़ा बाजार मिल सके।
एआई और ऑटोमेशन से बदलेगा उद्योग
‘यूपी टेक्स’ में टेक्सटाइल उद्योग में एआई, ऑटोमेशन और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल पर भी चर्चा होगी। उत्पादन को अधिक आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाने के साथ वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुरूप उद्योग को तैयार करने पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे।
यह पहल ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब टेक्सटाइल क्षेत्र में तकनीक के इस्तेमाल से उत्पादन, गुणवत्ता और बाजार पहुंच को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
निवेश के साथ रोजगार बढ़ाने की तैयारी
कार्यक्रम में पीएम मित्र एवं संत कबीर टेक्सटाइल पार्क को वैश्विक स्तर के विनिर्माण और निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी उद्योगपतियों के साथ चर्चा होगी। राज्य सरकार टेक्सटाइल पार्कों के माध्यम से बड़े निवेश को आकर्षित करने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
खेल और रक्षा वस्त्र पर भी नजर
‘यूपी टेक्स’ में होम टेक्सटाइल की संभावनाओं पर विशेष सत्र होगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश को खेल वस्त्र एवं खेल सामग्री का प्रमुख विनिर्माण केंद्र बनाने और सुरक्षात्मक व रक्षा वस्त्रों के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
कुल मिलाकर, ‘यूपी टेक्स’ को प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर के लिए बड़ा मंच माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य निवेश, रोजगार, तकनीक और निर्यात को एक साथ बढ़ावा देकर उत्तर प्रदेश को टेक्सटाइल उद्योग के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करना है।