
मैनपुरी : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में मंगलवार सुबह गैस से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद टैंकर का वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी और राहत कार्य शुरू किया।
मथुरा रिफाइनरी से नेपाल जा रहा था टैंकर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैप्सूल टैंकर मथुरा रिफाइनरी से करीब एक हजार किलो गैस लेकर नेपाल के लिए रवाना हुआ था। सोमवार रात लगभग 12:30 बजे टैंकर ने रिफाइनरी से यात्रा शुरू की थी। मंगलवार सुबह यह शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर दन्नाहार क्षेत्र के हिमायूंपुर गांव के पास पहुंचा। इसी दौरान सुबह करीब 9:30 बजे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित टैंकर सड़क से उतरकर किनारे स्थित खेत में पलट गया। हादसे के कारण टैंकर का वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया और गैस बाहर निकलने लगी। घटनास्थल के आसपास गैस की गंध फैलने के बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी।
एक किलोमीटर तक वाहनों की आवाजाही रोकी
सूचना मिलते ही दन्नाहार थाना पुलिस और दमकल विभाग की दो टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घटनास्थल के आसपास करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर दी गई। दोनों तरफ से आने वाले वाहनों को रोक दिया गया तथा लोगों को टैंकर के नजदीक नहीं जाने की हिदायत दी गई। मार्ग बंद होने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिसकर्मी वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से भेजते नजर आए। आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर रहने तथा किसी प्रकार की आग या ज्वलनशील वस्तु का इस्तेमाल नहीं करने के लिए सतर्क किया गया।
दूसरा टैंकर बुलाकर गैस स्थानांतरित करने की तैयारी
दन्नाहार इंस्पेक्टर शत्रुंजय कुमार सिंह दमकल विभाग की टीमों के साथ राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित गैस कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने टैंकर की स्थिति और रिसाव वाले हिस्से का निरीक्षण किया। पलटे टैंकर में मौजूद गैस को सुरक्षित तरीके से निकालने के लिए दूसरा कैप्सूल टैंकर मंगाया गया। दमकल और तकनीकी टीम की निगरानी में गैस स्थानांतरित करने की तैयारी की गई। राहत की बात रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई। प्रशासन ने स्थिति सामान्य होने तक मार्ग बंद रखने और लोगों से घटनास्थल से दूरी बनाए रखने की अपील की।