जमशेदपुर : टाटा स्टील की सहायक कंपनी टाटा रॉबिन्स फ्रेजर (TRF) के कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के बोनस समझौते पर कंपनी प्रबंधन और TRF लेबर यूनियन के बीच सहमति बन गई है। समझौते के तहत कर्मचारियों को न्यूनतम ₹29,634 और अधिकतम ₹91,022 बोनस मिलेगा।
फॉर्मूले से ज्यादा बोनस पर बनी सहमति
कंपनी में उत्पादन, लाभ और सुरक्षा मानकों के आधार पर तय फॉर्मूले के अनुसार इस वर्ष बोनस 9.8 प्रतिशत बन रहा था। हालांकि यूनियन की पहल और कर्मचारियों के बेहतर योगदान, समर्पण एवं मनोबल को देखते हुए प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाया।
आपसी सहमति के बाद बोनस की दर बढ़ाकर 12.44 प्रतिशत कर दी गई। इससे कर्मचारियों को निर्धारित फॉर्मूले से अधिक बोनस का लाभ मिलेगा।
154 कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
TRF के सभी 154 कार्यरत कर्मचारियों को इस समझौते का लाभ मिलेगा। कंपनी के अनुसार बोनस की राशि 18 सितंबर तक कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी।
इस फैसले से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। खासकर अधिकतम ₹91,022 बोनस की राशि कर्मचारियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
प्रबंधन और यूनियन ने किए हस्ताक्षर
बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक (MD) उमेश कुमार सिंह, CFO अनिमेष उपाध्याय, CHRO अभिजीत सिंह, मैन्युफैक्चरिंग हेड रवि राव मांडा और IR हेड प्रमोद ने हस्ताक्षर किए।
वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महामंत्री अंजनी कुमार, डिप्टी प्रेसिडेंट संजय कुमार, वाइस प्रेसिडेंट बेबी कुमारी और कोषाध्यक्ष प्रिया महतो समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यूनियन ने कहा- औद्योगिक संबंध और मजबूत होंगे
TRF लेबर यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि कंपनी प्रबंधन की सकारात्मक पहल से कर्मचारियों को फॉर्मूले से बेहतर बोनस मिला है। इससे कर्मचारियों का उत्साह बढ़ेगा और कंपनी में औद्योगिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।



