नीलाम्बर पिताम्बरपुर : नीलाम्बर पिताम्बरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत राजहारा के सेमरिया खाला में स्वास्थ्य सहिया चयन को लेकर विवाद गहरा गया है। दर्जनों ग्रामीणों ने चयन प्रक्रिया में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो-तीन माह से चयन प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अब तक किसी का अंतिम चयन नहीं हो सका है।
पोषक क्षेत्र के बाहर के लोगों को शामिल करने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, पिछली बार आयोजित आमसभा में पोषक क्षेत्र के बाहर के लोगों को शामिल किया गया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से एक विशेष महिला का चयन कर दिया गया था। इस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए मामले की शिकायत विधायक कुशवाहा डॉ. शशि भूषण मेहता और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक राजीव रंजन से की।
शिकायत के बाद पिछली चयन प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया और दोबारा आमसभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
पर्यवेक्षक नहीं पहुंचे, फिर टली आमसभा
ग्रामीणों के मुताबिक, दोबारा आमसभा के लिए शनिवार की तारीख निर्धारित की गई थी। हालांकि, निर्धारित तिथि पर पर्यवेक्षक के नहीं पहुंचने के कारण चयन प्रक्रिया फिर टल गई। अब नई तारीख 16 सितंबर निर्धारित की गई है।
ग्रामीणों की मांग-निष्पक्ष तरीके से हो चयन
ग्रामीणों ने मांग की है कि स्वास्थ्य सहिया का चयन संबंधित पोषक क्षेत्र के निर्धारित नियमों के अनुसार और पारदर्शी तरीके से कराया जाए। उनका कहना है कि आमसभा में पात्र लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि दोबारा किसी तरह के विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
अब 16 सितंबर को होने वाली आमसभा पर ग्रामीणों की नजर है। चयन प्रक्रिया इस बार पूरी होती है या एक बार फिर तारीख बढ़ती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।




