नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम भारत मंडपम में ब्रिक्स देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए शानदार डिनर का आयोजन किया। इस खास रात्रिभोज में भारतीय खान-पान और संस्कृति की झलक देखने को मिली। हालांकि, डिनर के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की गैरमौजूदगी ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा।
पुतिन समेत कई नेताओं ने लिया भारतीय जायके का स्वाद
रात्रिभोज में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत ब्रिक्स के अन्य नेताओं और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। मेहमानों के लिए खास तौर पर तैयार किए गए शाकाहारी मेन्यू में भारतीय पारंपरिक व्यंजनों को प्रमुखता दी गई।
स्टार्टर में मेहमानों को खंडवी मिलफॉय परोसी गई, जिसमें बेसन से बनी स्टैक्ड खंडवी को सरसों, नारियल और करी पत्ते के तड़के के साथ पेश किया गया। इसके साथ कैसर आम, माइक्रोग्रीन्स और योगर्ट ड्रेसिंग का इस्तेमाल किया गया।
खुंब गलौटी से लेकर मशरूम कबाब तक
डिनर के स्टार्टर में खुंब गलौटी भी शामिल रही। इसमें तवे पर हल्के से ग्रिल किए गए मशरूम कबाब को मिंट पर्ल्स और शीर्मल ब्रेड के साथ परोसा गया। मेन्यू को इस तरह तैयार किया गया था कि भारतीय स्वाद के साथ आधुनिक प्रस्तुति का भी अनुभव मेहमानों को मिले।
डेजर्ट में जलेबी के साथ खास ट्विस्ट
डेजर्ट ने भी मेहमानों का ध्यान खींचा। पुरानी दिल्ली के लोकप्रिय स्वाद से प्रेरित ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी परोसी गई। इसमें मौसमी फलों और हल्की व्हिप्ड क्रीम के साथ कुरकुरी जलेबी का संयोजन किया गया। इसके साथ मशहूर शहतूत फिरनी भी मेन्यू का हिस्सा रही।
मेन कोर्स में दिखी भारत की विविधता
मुख्य भोजन में पनीर लबाबदार, हिमालयी गुच्छी मशरूम और शतावरी को कैसर, किशमिश और मगज बादाम के साथ तैयार किया गया। इसके अलावा गुच्छी मार्मिक, कैरेट बीन पोरियाल, अरहर दाल और टमाटर से तैयार दक्षिण भारतीय शैली का हल्का सूप भी परोसा गया।
मेहमानों के लिए मिलेट पुलाव, बीटरूट रायता और विभिन्न प्रकार की भारतीय रोटियां भी रखी गईं। इस पूरे मेन्यू के जरिए भारतीय खान-पान की क्षेत्रीय विविधता को एक ही टेबल पर पेश करने की कोशिश की गई।
शी जिनपिंग की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय
ब्रिक्स नेताओं के लिए आयोजित इस डिनर में शी जिनपिंग शामिल नहीं हुए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनकी गैरमौजूदगी का तत्काल आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया। एक सूत्र के हवाले से बताया गया कि शी आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे।
इस बीच, पुतिन और अन्य ब्रिक्स नेताओं की मौजूदगी में हुआ यह डिनर भारतीय व्यंजनों और संस्कृति की प्रस्तुति के लिहाज से खास रहा। प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी में तैयार इस विशेष मेन्यू ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय स्वाद को भी खास पहचान दी।



