
जमशेदपुर : शहर की सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने ठोस कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अरनव मिश्रा की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय में सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें शहर की मौजूदा यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्लैक स्पॉट पर रखी जाएगी विशेष नजर
बैठक में शहर के उन स्थानों की पहचान करने पर जोर दिया गया, जहां बार-बार सड़क दुर्घटनाएं होती हैं अथवा दुर्घटना का खतरा अधिक रहता है। ऐसे ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया। जरूरत के अनुसार इन स्थानों पर यातायात संकेतक, स्पष्ट रोड मार्किंग और स्पीड लिमिट से संबंधित बोर्ड लगाए जाएंगे। अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा संरचनाओं को भी मजबूत करने की योजना बनाई गई, ताकि वाहन चालकों को समय रहते जरूरी जानकारी मिल सके।
नियम तोड़ने वालों पर होगी प्रभावी कार्रवाई
अनुमंडल पदाधिकारी ने ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ट्रैफिक सिग्नल के उल्लंघन को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए इनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने और सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग करने वालों पर भी सख्ती बरतने का निर्देश दिया गया।
प्रमुख मार्गों और जंक्शनों की होगी समीक्षा
शहर के प्रमुख मार्गों एवं व्यस्त चौराहों पर वाहनों के दबाव, पार्किंग व्यवस्था, सड़क किनारे अतिक्रमण और भारी वाहनों की आवाजाही की भी समीक्षा की गई। विशेष रूप से पीक आवर के दौरान लगने वाले जाम को कम करने के उपायों पर चर्चा हुई। संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाने को कहा गया है।
चार स्तरों पर तैयार होगी सुरक्षा रणनीति
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इंजीनियरिंग, एनफोर्समेंट, एजुकेशन और इमरजेंसी रिस्पॉन्स को एक साथ जोड़कर काम करने पर बल दिया गया। अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाते हुए चिह्नित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश मिला। प्रशासन यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाएगा, जिससे वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया जा सके। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यातायात, मोटरयान निरीक्षक, जुस्को तथा ट्रांसपोर्ट और ऑटो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।