
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा नेपाली बस्ती में गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार शाम हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
समझौते के बाद फिर भड़का विवाद
स्थानीय महिला सीमा के अनुसार, शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। बाद में मामला सुलझा लिया गया था। आरोप है कि शनिवार शाम करीब 5:45 बजे सुशील नामक युवक करीब 50 लोगों के साथ बस्ती पहुंचा, जिसके बाद दोबारा विवाद शुरू हो गया।
लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमलावरों के पास लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, बेलचा और ईंट-पत्थर थे। आरोप है कि कुछ लोग जबरन घरों में घुस गए और मारपीट व तोड़फोड़ शुरू कर दी।
इस दौरान आकाश, मुन्ना थापा, छोटू रजक, धीरज और राहुल घायल हो गए। घायलों को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां राहुल की स्थिति चिंताजनक बताई गई है।
घटना के बाद बस्ती में तनाव का माहौल
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने में देरी हुई। बाद में एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
दोबारा हमले की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय महिलाओं ने रात में दोबारा हमले की आशंका जताई है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में बल तैनात किया है। घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल दूसरे पक्ष की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।