
नई दिल्ली: अगर आप सोमवार 21 सितंबर 2026 को बैंक की शाखा में जाकर कोई जरूरी काम निपटाने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। 21 सितंबर को देशभर में बैंक बंद नहीं रहेंगे। इस दिन केवल कुछ खास बैंकिंग केंद्रों में क्षेत्रीय अवकाश रहेगा।
असम और केरल में बंद रहेंगी बैंक शाखाएं
रिजर्व बैंक के सितंबर 2026 के अवकाश कैलेंडर के अनुसार, 21 सितंबर को गुवाहाटी और कोच्चि में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। गुवाहाटी में श्रीमंत शंकरदेव जन्मोत्सव और कोच्चि में श्री नारायण गुरु समाधि दिवस के कारण बैंकिंग अवकाश रहेगा।
इसका मतलब यह है कि असम और केरल के इन संबंधित बैंकिंग केंद्रों में एसबीआई, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक समेत अन्य बैंकों की शाखाओं में नियमित कामकाज नहीं होगा।
झारखंड में 21 सितंबर को खुलेंगे बैंक
जमशेदपुर समेत झारखंड में 21 सितंबर को बैंक शाखाएं बंद नहीं रहेंगी। झारखंड में अगला क्षेत्रीय बैंक अवकाश 22 सितंबर को करमा पूजा के कारण है। आरबीआई की सूची में 22 सितंबर को रांची बैंकिंग केंद्र के लिए अवकाश दर्ज है।
इसलिए अगर आप जमशेदपुर में 21 सितंबर को बैंक जाने की योजना बना रहे हैं, तो 21 सितंबर क्षेत्रीय बैंक अवकाश की सूची में नहीं है।
बैंक बंद होने पर भी नहीं रुकेंगी डिजिटल सेवाएं
शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों के लिए यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य तौर पर उपलब्ध रहेंगी। हालांकि शाखा में जाकर होने वाले काम, जैसे दस्तावेज जमा करना या कुछ खाता संबंधी प्रक्रियाएं, छुट्टी के दिन नहीं हो सकेंगी।
सितंबर में आगे भी बैंक रहेंगे बंद
21 सितंबर के बाद भी अलग-अलग बैंकिंग केंद्रों में क्षेत्रीय छुट्टियां हैं।
– 22 सितंबर: करमा पूजा – रांची
– 23 सितंबर: महाराजा हरि सिंह जी का जन्मदिन -जम्मू और श्रीनगर
– 25 सितंबर: इंद्रजात्रा – गंगटोक
– 26 सितंबर: चौथा शनिवार -देशभर में बैंक शाखाएं बंद
ध्यान रखें-हर राज्य में एक जैसी नहीं होती बैंक छुट्टी
बैंक की छुट्टियां राज्य और बैंकिंग केंद्र के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं। इसलिए बैंक जाने से पहले अपने शहर की छुट्टी जरूर जांच लें। 21 सितंबर की छुट्टी का असर मुख्य रूप से गुवाहाटी और कोच्चि के बैंकिंग केंद्रों पर रहेगा, पूरे देश पर नहीं।