
जमशेदपुर/मयूरभंज : ओडिशा के मयूरभंज जिले के चम्पुआ थाना क्षेत्र में 20 सितंबर 2026 को हुए सड़क हादसे में जमशेदपुर के बर्मामाइंस निवासी संजय कुमार शर्मा की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद अब उन्हें मुआवजा और जरूरी दस्तावेज हासिल करने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार ने जमशेदपुर और मयूरभंज प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
गलत दिशा से आ रही बाइक से टक्कर, फिर ट्रेलर की चपेट में आए
परिजनों के अनुसार, संजय शर्मा ओडिशा के मयूरभंज में एक निजी प्रतिष्ठान में काम करते थे। 20 सितंबर को वह मोटरसाइकिल से जमशेदपुर से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान चम्पुआ थाना क्षेत्र में सामने से गलत दिशा में आ रही दो युवकों की मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद संजय असंतुलित होकर सामने से आ रहे एक भारी वाहन (ट्रेलर) की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गलत दिशा से आ रही बाइक पर सवार दिव्य रंजन पात्र और चंदन महंत भी घायल हुए, जिन्हें चम्पुआ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर में अकेले कमाने वाले थे संजय, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
परिवार के मुताबिक संजय ही घर के अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी के अलावा तीन वर्ष का एक बेटा और करीब डेढ़ वर्ष का एक छोटा बच्चा है। संजय की मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी, बच्चों की पढ़ाई और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है।
FIR की पावती नहीं मिलने का परिवार का आरोप
परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद चम्पुआ थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने में भी उन्हें काफी कठिनाई हुई। परिवार के अनुसार, काफी आग्रह के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन अब तक उन्हें FIR की पावती प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है।
परिवार ने प्रशासन से FIR की प्रति तत्काल उपलब्ध कराने, सरकार के नियमों के तहत मिलने वाले तत्काल मुआवजे की राशि दिलाने और संजय जिस प्रतिष्ठान में काम करते थे, वहां से मिलने वाली बीमा राशि हासिल कराने में मदद करने की मांग की है।
परिवार का कहना है कि आर्थिक सहायता मिलने से दो छोटे बच्चों की पढ़ाई और विधवा पत्नी के भरण-पोषण में मदद मिल सकेगी। अब परिवार ने जमशेदपुर और मयूरभंज प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय मीडिया से भी न्याय दिलाने में सहयोग की अपील की है।