जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी डकैती को अंजाम दिया। करीब पांच-छह की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने रेनकोट पहन रखा था। बैंक में घुसते ही उन्होंने हथियार के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया।
गार्ड ने विरोध किया तो बंदूक की बट से पीटा
बैंक गार्ड संतोष कुमार ने अपराधियों का विरोध करने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाशों ने बंदूक की बट से उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद सभी कर्मचारियों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में लेकर अपराधी सीधे मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में पहुंचे।
गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया चेस्ट
अपराधियों ने मैनेजर को गन प्वाइंट पर लेकर बैंक का चेस्ट खुलवाया। इसके बाद चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकद निकाल लिए। साथ ही लॉकर में रखे बड़ी मात्रा में कीमती स्वर्णाभूषण भी लूट लिए।
दो बाइक से भागे अपराधी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दो बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना सुबह करीब सवा नौ बजे की बताई जा रही है। उस समय बैंक खुला था और परिसर में सफाई का काम चल रहा था।
डकैती की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप
दिनदहाड़े बैंक डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ग्रामीण एसपी, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।




