
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में प्रगति स्कीम के तहत डिप्लोमा पूरा कर चुके कर्मचारी पुत्रों के लिए उच्च शिक्षा और करियर में आगे बढ़ने का रास्ता खुल गया है। कंपनी ऐसे कर्मचारियों के बच्चों को आगे B.Tech या MBA की पढ़ाई करने का अवसर देगी और इस उच्च शिक्षा का पूरा खर्च टाटा मोटर्स प्रबंधन वहन करेगा।
दो इंक्रीमेंट का भी मिलेगा लाभ
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने बोनस समझौते के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिप्लोमा पूरा करने के बाद भी जिन कर्मचारी पुत्रों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था, उनके लिए प्रबंधन और यूनियन के बीच हुई वार्ता में सहमति बनी है।
समझौते के तहत 40 डिप्लोमाधारी कर्मचारी पुत्रों को दो-दो इंक्रीमेंट का विशेष लाभ मिलेगा। इसके साथ ही टाटा मोटर्स के किसी भी प्लांट या लोकेशन में निकलने वाली आंतरिक बहाली में शामिल होकर उन्हें अधिकारी (अधिकारी ग्रेड) बनने का अवसर भी मिलेगा।
27 बाई-सिक्स कर्मचारियों को भी इंक्रीमेंट
समझौते में उन 27 बाई-सिक्स कर्मचारियों को भी एक-एक इंक्रीमेंट देने पर सहमति बनी है, जिन्होंने प्रबंधन द्वारा संचालित आंतरिक डिप्लोमा कार्यक्रम के तहत कोर्स पूरा किया था, लेकिन उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पाया था।
दुर्गापूजा के बाद नई बहाली
जमशेदपुर प्लांट में नियोजन की प्रक्रिया भी जारी रहेगी। आरके सिंह के अनुसार, दुर्गापूजा के बाद ट्रेड अप्रेंटिस की नई बहाली निकाली जाएगी। इसमें सफल रहने वाले कर्मचारी पुत्रों को डिप्लोमा कराने के बाद कंपनी में स्थायी नियोजन देने की व्यवस्था की जाएगी।
मल्टी स्किल कोर्स फिर शुरू होगा
कई महीनों से बंद पड़ी मल्टी स्किल व्यवस्था को दोबारा शुरू करने पर भी सहमति बनी है। परीक्षा पास कर कोर्स पूरा करने वाले कर्मचारियों को एक-एक इंक्रीमेंट का लाभ दिया जाएगा।
5 TMST कर्मचारी पुत्रों को नियोजन का मौका
तीन साल का TMST कोर्स पूरा करने के बाद अनुशासनात्मक मामलों के कारण अटके पांच कर्मचारी पुत्रों को भी भविष्य में बेहतर आचरण की शर्त पर कंपनी में नियोजन का अवसर दिया जाएगा।
बोनस और नियोजन को लेकर हुई दो दौर की वार्ता के बाद इन फैसलों पर सहमति बनी। समझौते के बाद यूनियन कार्यालय तक जुलूस निकाला गया और कर्मचारियों ने खुशी जताई।