
मुंबई : फिल्म अभिनेत्री और निर्देशक पूजा भट्ट का नाम फिल्मों के साथ-साथ कई विवादों से भी जुड़ा रहा है। अब उनके भाई राहुल भट्ट ने 1990 के दशक में हुए एक चर्चित फोटोशूट विवाद को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि उस समय बहन के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शन से वह बेहद नाराज हो गए थे और प्रदर्शनकारियों का सामना करने पहुंच गए थे।
फोटोशूट के बाद हुआ था विरोध
दरअसल, पूजा भट्ट ने 1990 के दशक में अमेरिकी अभिनेत्री डेमी मूर के मशहूर ‘वैनिटी फेयर’ कवर से प्रेरित होकर बॉडी पेंट फोटोशूट कराया था। तस्वीर सामने आने के बाद काफी विवाद हुआ और देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन किए गए। पूजा को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा तथा उनके खिलाफ पोस्टर लेकर प्रदर्शन भी हुआ।
हालांकि, समय बीतने के बाद भी यह फोटोशूट अक्सर चर्चा में आ जाता है। अब राहुल भट्ट ने अपनी बहन का समर्थन करते हुए उस दौर में हुई घटनाओं को याद किया है।
राहुल ने प्रदर्शनकारियों का सामना करने का किया दावा
सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में राहुल ने दावा किया कि पूजा भट्ट की तस्वीर के विरोध में ‘अग्निशिखा’ नामक संगठन से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन किया था। राहुल के मुताबिक, करीब 50 से 200 लोगों की भीड़ विरोध जताने पहुंची थी। उस समय वह अकेले ही प्रदर्शनकारियों के सामने चले गए थे। राहुल ने दावा किया कि विरोध के दौरान उन्होंने कई लोगों से हाथापाई की। उनके अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारी इमारत के भीतर घुसने की कोशिश कर रहे थे, जिसके कारण उनकी मां परेशान हो गई थीं। राहुल ने कहा कि उस समय उनके पिता महेश भट्ट वहां मौजूद नहीं थे और परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी उन्होंने स्वयं संभाली।
बहन के फोटोशूट को बताया कलात्मक
राहुल भट्ट ने पूजा के फोटोशूट का बचाव करते हुए कहा कि वह तस्वीर उन्हें अश्लील नहीं लगी। उन्होंने फोटोशूट को कलात्मक और खूबसूरत बताते हुए कहा कि पूजा जो भी काम करती थीं, उसमें एक विशेष सौंदर्य और सलीका दिखाई देता था। राहुल के अनुसार, वह शुरू से ही अपनी बहन को लेकर काफी सुरक्षात्मक रहे हैं। उन्होंने कहा कि विवादित तस्वीर देखकर उन्हें बुरा नहीं लगा था, लेकिन उसके विरोध के नाम पर परिवार को परेशान किए जाने से वह नाराज हो गए थे।
पहले भी विवादों में रहा भट्ट परिवार
पूजा भट्ट पहले भी अपने बोल्ड फोटोशूट और निजी जीवन से जुड़े विषयों को लेकर सुर्खियों में रही हैं। पिता महेश भट्ट के साथ उनकी एक पुरानी मैगजीन तस्वीर ने भी काफी विवाद पैदा किया था। हालांकि, वर्षों बाद राहुल के इस बयान ने पूजा के पुराने फोटोशूट और उससे जुड़े विरोध को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।