
लोहरदगा : झारखंड लोहरदगा के शहरी क्षेत्र में लेवी की धमकी के बाद सीमेंट कारोबारी की दुकान के शटर पर गोली चलाए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। सदर थाना क्षेत्र के हरमू रोड स्थित दुकान में शुक्रवार रात अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दो दिन पहले WhatsApp पर मिली थी लेवी की धमकी
बताया जाता है कि सीमेंट कारोबारी राजेंद्र वर्मा को दो दिन पहले WhatsApp के माध्यम से लेवी की मांग को लेकर धमकी मिली थी। मैसेज में लेवी नहीं देने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। कारोबारी ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस से की थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।
रात में चली गोली, सुबह दुकान पहुंचने पर चला पता
शुक्रवार रात हरमू रोड स्थित राजेंद्र वर्मा की सीमेंट दुकान पर गोली चलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने व्यवसायी से संपर्क कर घटना की जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन उस समय उन्हें फायरिंग की जानकारी नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर शहर में रातभर गश्त बढ़ा दी।
शनिवार सुबह राजेंद्र वर्मा दुकान खोलने पहुंचे तो शटर पर गोली चलने के निशान मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
राहुल सिंह गिरोह के नाम से आया था धमकी भरा संदेश
बताया जा रहा है कि लेवी के लिए भेजा गया धमकी भरा संदेश राहुल सिंह गिरोह के नाम से था। हालांकि, फायरिंग की घटना में कौन लोग शामिल थे, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस जांच में जुटी, बढ़ाई गई गश्त
घटना के बाद सदर थाना पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस फायरिंग के कारणों के साथ ही धमकी देने वाले और गोली चलाने वालों की पहचान में जुटी है। शहरी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद कारोबारियों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।
लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि पुलिस को इस प्रकार की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट की जाएगी।