
जमशेदपुर : मानगो क्षेत्र से जितिया पर्व के दिन बेहद दुखद खबर सामने आई है। समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की दो बेटियां अपनी मां के साथ गांधी घाट के समीप स्वर्णरेखा नदी में नहाने गई थीं। इसी दौरान दोनों बच्चियों के नदी में डूबने की सूचना मिली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही प्रशासन से मांगी मदद
घटना की जानकारी बच्चियों के पिता संतोष ठाकुर ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी। इसके बाद विकास सिंह ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से फोन पर बात कर मामले की जानकारी दी और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराने के साथ जिला प्रशासन से हरसंभव सहयोग की मांग की।
दोनों बच्चियों की तलाश में रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलने के बाद दोनों बच्चियों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू करने की कार्रवाई की जा रही है। नदी किनारे बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए हैं और बच्चियों के सकुशल मिलने की उम्मीद में परिजन टकटकी लगाए हुए हैं।
मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद बच्चियों की मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। जितिया पर्व के मौके पर हुई इस घटना से समता नगर में भी मातम का माहौल है। परिजन बच्चियों के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।