
जमशेदपुर : खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने और निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भाजपा परसुडीह मंडल ने रविवार को जनसमर्थन हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। अभियान का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने किया। चांदनी चौक परसुडीह, त्रिवेणी टॉवर चौक और मकदमपुर रेलवे फाटक चौक पर आयोजित अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। आयोजकों के मुताबिक करीब 3,500 लोगों ने हस्ताक्षर कर सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग का समर्थन किया।
करीब 18.40 करोड़ की सड़क, लंबे समय से अधूरा काम
भाजपा नेता राम सिंह मुंडा ने कहा कि करीब 18 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली खासमहाल–गोविंदपुर सड़क क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क निर्माण अधूरा रहने से स्थानीय लोगों के साथ व्यवसायियों, राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में पारदर्शिता के साथ निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पालन होना चाहिए। जनता के पैसे से होने वाले इस काम को टिकाऊ तरीके से पूरा करना प्रशासन और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
3,500 हस्ताक्षर से प्रशासन को संदेश
भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि अभियान में जिस तरह लोगों का समर्थन मिला है, उससे साफ है कि क्षेत्र की जनता सड़क निर्माण पूरा होने का इंतजार कर रही है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में अब और देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से काम में तेजी लाने तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की।
‘काम पूरा होने तक जारी रहेगा जनआंदोलन’
सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण पूरा होने तक भाजपा परसुडीह मंडल लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। निर्माण में देरी से जनता को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।
भाजपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और इसे शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।