
- पार्किंग और नई स्टेशन बिल्डिंग का काम आगे बढ़ा, थर्ड लाइन व दो नई माल साइडिंग पर भी रेलवे की तैयारी; दिसंबर 2028 तक पुनर्विकास पूरा करने का लक्ष्य
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। रेलवे ने दिसंबर 2028 तक स्टेशन के कायाकल्प का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। सोमवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के एजीएम मनीष जैन ने टाटानगर स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माणाधीन और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी ली। उनके साथ चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण भूरिया, सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
नई स्टेशन बिल्डिंग के लिए पार्किंग स्थल का निरीक्षण
एजीएम ने स्टेशन परिसर के पार्किंग क्षेत्र का जायजा लिया। इसी स्थान पर नई स्टेशन बिल्डिंग बनाने की योजना है। रेलवे के अनुसार दक्षिणी हिस्से में 12 मार्च से निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। नया पार्किंग क्षेत्र तैयार होने के बाद स्टेशन के उत्तरी हिस्से में भी विकास कार्य शुरू किया जाएगा।
पुनर्विकास का काम पूरा होने के बाद स्टेशन यार्ड को भी नए सिरे से विकसित करने की योजना है।
टाटानगर में बनेगा वंदे भारत कोचिंग डिपो
टाटानगर में प्रस्तावित वंदे भारत कोचिंग डिपो की योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों के साथ बैठक में डिपो से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। इसके तैयार होने के बाद टाटानगर में आधुनिक ट्रेनों के रखरखाव और संचालन से जुड़ी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
थर्ड लाइन को लेकर भी तैयारी
टाटानगर-आदित्यपुर रेलखंड पर थर्ड लाइन का काम जल्द शुरू करने को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। तीसरी लाइन बनने के बाद इस व्यस्त रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन की क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
दो नई साइडिंग से बढ़ेगी माल ढुलाई
चक्रधरपुर मंडल में माल परिवहन को बढ़ाने के लिए दो नई साइडिंग के चयन की जानकारी भी दी गई। इनके निर्माण के बाद मालगाड़ियों के संचालन के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और मंडल की माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने में मदद होगी।
जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को रद नहीं करने की मांग
केंद्रीय गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान भगवान सिंह के नेतृत्व में एजीएम मनीष जैन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सर्दियों में कोहरे के दौरान जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को रद नहीं करने का आग्रह किया।
एजीएम ने कहा कि ट्रेन को रद होने से बचाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। इस संबंध में रेलवे बोर्ड को अनुशंसा भेजी जाएगी। हालांकि अंतिम निर्णय रेलवे बोर्ड को लेना है।
समय पर ट्रेन परिचालन पर जोर
एजीएम ने कहा कि ट्रेनों का समय पर परिचालन रेलवे की प्रमुख प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडल बहुउद्देशीय प्रशिक्षण संस्थान का भी जायजा लिया। बाद में अधिकारियों के साथ बैठक कर टाटानगर स्टेशन और चक्रधरपुर मंडल की विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।