
जमशेदपुर : दुर्गापूजा को लेकर शहर में मिठाई और खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए छह टीमों का गठन किया गया है।
रेस्टोरेंट से मिठाई दुकानों तक पहुंचेगी टीम
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीमें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, होटल, खाद्य सामग्री विक्रेता और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करेंगी। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्माण और भंडारण की व्यवस्था को देखा जाएगा।
खोवा-पनीर और मिठाई पर विशेष नजर
दुर्गापूजा को देखते हुए मिठाई, खोवा, पनीर, तेल, मसाले, दूध से बने उत्पाद और अन्य त्योहारी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी खाद्य पदार्थ पर संदेह होने पर उसका नमूना संग्रहित कर जांच के लिए भेजा जाएगा।
मिलावट मिली तो होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, नकली खाद्य सामग्री की बिक्री या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल और बिक्री करने के साथ प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
लोगों से भी सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान देने की अपील की है। किसी दुकान या खाद्य पदार्थ में मिलावट अथवा अनियमितता की जानकारी मिलने पर प्रशासन को सूचित करने को कहा गया है। दुर्गापूजा के दौरान मिलावटखोरों पर कार्रवाई के लिए जांच अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।