
- रांची और जमशेदपुर के ESIC केंद्रों में गैर-ESIC लाभुकों को इलाज देने पर विचार, कैबिनेट की मंजूरी के बाद लागू होगी व्यवस्था
रांची : झारखंड में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के अस्पतालों और चिकित्सा केंद्रों में इलाज की सुविधा का दायरा बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गयी है। अब इन केंद्रों पर केवल ESIC से जुड़े बीमित श्रमिक और उनके परिजनों तक ही चिकित्सा सुविधा सीमित नहीं रहेगी। राज्य सरकार रांची और जमशेदपुर स्थित ESIC केंद्रों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के लाभुकों को भी इलाज उपलब्ध कराने की संभावना तलाश रही है।
इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में ESIC की चिकित्सा सेवाओं को राज्य की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था से बेहतर तरीके से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद शुरू होगी व्यवस्था
बैठक में रांची और जमशेदपुर के ESIC केंद्रों में आयुष्मान और अबुआ स्वास्थ्य योजना के लाभुकों को इलाज की सुविधा देने का प्रस्ताव सामने आया। इसके लिए राज्य सरकार की कैबिनेट से मंजूरी ली जायेगी। स्वीकृति मिलने के बाद दोनों योजनाओं के तहत पात्र मरीजों के इलाज की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।
इस व्यवस्था के तहत इलाज के दावों की राशि झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी की ओर से उपलब्ध करायी जायेगी। इससे ESIC की स्वास्थ्य सुविधाओं का इस्तेमाल व्यापक स्तर पर किया जा सकेगा।
21 ESIC डिस्पेंसरी, CHC-पीएचसी से जोड़ने की तैयारी
वर्तमान में राज्य में ESIC की 21 डिस्पेंसरी संचालित हैं। स्वास्थ्य विभाग अब राज्य के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को भी ESIC की स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक बीमित श्रमिकों और उनके परिवारों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाये। इससे ESIC के लाभुकों को उपचार के लिए बेहतर स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंच बनाने में मदद मिल सकती है।
जमशेदपुर के मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण बदलाव
रांची के साथ जमशेदपुर स्थित ESIC केंद्र को भी इस प्रस्ताव में शामिल किया गया है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर आयुष्मान और अबुआ योजना के पात्र मरीजों के लिए यहां इलाज का रास्ता खुल सकता है। इससे शहर और आसपास के क्षेत्र के उन मरीजों को लाभ मिलने की संभावना है, जो इन दोनों सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के दायरे में आते हैं।
बैठक में संदीप कुमार दोराइबुरू, अनुज कुमार प्रसाद, जितेंद्र सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे।
क्या बदलेगा
- अब ESIC अस्पताल में सिर्फ श्रमिक ही नहीं! आयुष्मान और अबुआ कार्ड वालों को भी इलाज देने की तैयारी
- रांची और जमशेदपुर के ESIC केंद्रों में आयुष्मान लाभुकों के इलाज की संभावना।
- अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के लाभुकों को भी इलाज मिल सकेगा।
- व्यवस्था लागू करने के लिए कैबिनेट की मंजूरी जरूरी होगी।
- इलाज के दावों की राशि झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी उपलब्ध करायेगी।
- राज्य के CHC और PHC को ESIC की सेवाओं से जोड़ने की भी तैयारी।
- वर्तमान में राज्य में ESIC की 21 डिस्पेंसरी संचालित हैं।