
- नीमडीह के हुरुपाथरडीह में छापेमारी कर बालू का अवैध भंडारण पकड़ा, चौका घाटी में अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई; अधिकारियों ने दी सख्त चेतावनी
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध बालू के कारोबार के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार, 10 अक्टूबर को विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 30 हजार सीएफटी बालू जब्त किया। वहीं, चौका घाटी में अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे आईसर वाहन को भी पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई से अवैध बालू के कारोबार में जुटे लोगों में हड़कंप मच गया है।
नीमडीह में मिला 30 हजार सीएफटी बालू का अवैध भंडार
उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खान निरीक्षक ने पहली कार्रवाई नीमडीह थाना क्षेत्र के हुरुपाथरडीह गांव में की। छापेमारी के दौरान यहां अवैध रूप से भंडारित लगभग 30,000 सीएफटी बालू बरामद किया गया। खनन विभाग ने बालू को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नीमडीह थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
चौका घाटी में बालू लदा आईसर वाहन जब्त
विभाग की दूसरी कार्रवाई चौका घाटी में हुई। यहां अवैध रूप से बालू का परिवहन करते आईसर वाहन संख्या JH 05 DZ 2209 को जब्त किया गया। वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए चौका थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। विभाग अब अवैध भंडारण और परिवहन से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, लगातार होगी निगरानी
जिले में खनिज संपदा के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खनिज संपदा का अवैध दोहन बर्दाश्त नहीं : खनन पदाधिकारी
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथि ने कहा कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन और परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन के समन्वय से आगे भी छापेमारी और कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध बालू के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।