
- यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने जाना कर्मचारियों का कुशलक्षेम, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
जमशेदपुर : टाटा स्टील से सेवानिवृत्त होने के बाद कर्मचारियों को सम्मानजनक विदाई देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए टाटा वर्कर्स यूनियन ने शनिवार को 18 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया। यूनियन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में सभी कर्मचारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। साथ ही सम्मान स्वरूप प्रत्येक कर्मचारी को गिफ्ट कूपन भी दिया गया।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं
समारोह के मुख्य अतिथि टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से एक-एक कर मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं और विभिन्न मुद्दों को उनके समक्ष रखा। अध्यक्ष ने सभी मुद्दों पर जवाब देते हुए यूनियन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
गेस्ट हाउस और कैंसर रेस्ट हाउस की सुविधाओं की दी जानकारी
संजीव कुमार चौधरी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हित में यूनियन की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने पुरी गेस्ट हाउस, बेंजामिन रेस्ट हाउस और कैंसर रेस्ट हाउस जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जरूरतों और समस्याओं को लेकर यूनियन लगातार प्रयासरत है।
नई पारी के लिए दी शुभकामनाएं
समारोह के विशिष्ट अतिथि एवं यूनियन के सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने यूनियन की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और खुशहाल भविष्य की कामना की।
यूनियन के पदाधिकारी रहे मौजूद
सम्मान समारोह का संचालन यूनियन के उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे ने किया। इस अवसर पर यूनियन के उपाध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से हर माह आयोजित होने वाला यह सम्मान समारोह सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रति सम्मान और उनके साथ संगठन के जुड़ाव को दर्शाता है।