जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई चर्चित हत्या और जानलेवा हमले के बाद झारखंड सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए नए पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति कर दी है। राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. एहतेशाम बकारिब को पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) का नया वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया है। डॉ. एहतेशाम बकारिब इससे पहले अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर कार्यरत थे। सरकार ने उन्हें तत्काल नई जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया है। वहीं, सरायकेला-खरसावां जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में आईपीएस अधिकारी मनोज स्वर्गियारी की तैनाती की गई है। वे अब तक झारखंड आर्म्ड पुलिस (जैप)-3 के कमांडेंट के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। यह प्रशासनिक फेरबदल डीडी बार हत्याकांड के बाद सामने आया है। घटना में पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के तत्कालीन एसएसपी पियुष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की तत्कालीन एसपी निधि द्विवेदी को उनके पदों से हटाने का निर्णय लिया था। सरकार का मानना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में अपेक्षित स्तर पर सफलता नहीं मिलने के कारण यह कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि पियुष पांडेय और निधि द्विवेदी पति-पत्नी हैं और दोनों को एक साथ उनके पदों से हटाया गया था। नई नियुक्तियों के साथ सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब सभी की निगाहें नए पुलिस अधिकारियों पर होंगी कि वे जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को किस तरह मजबूत करते हैं।
Trending
- राँची की नदियों को मिलेगी नई जान, हरमू–स्वर्णरेखा के पुनर्जीवन की तैयारी, एयरपोर्ट सुरक्षा पर भी सख्ती के निर्देश
- सरायकेला में सड़क किनारे बेसुध मिला युवक, अस्पताल में मौत; हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस
- हवा में कैप्टन पर चाकू से हमला, नीचे आने लगा विमान, यात्रियों की हिम्मत से टला बड़ा हादसा
- आधी रात 20 वाहनों से गाँव की घेराबंदी, निरसा में छह से अधिक साइबर संदिग्ध गिरफ्तार
- जमशेदपुर में ED का बड़ा एक्शन: ₹734 करोड़ के GST घोटाले में स्क्रैप कारोबारी पिता-पुत्र गिरफ्तार, MGM में हंगामा
- आधी रात से सुबह तक चला ऑपरेशन, बालू के 7 हाईवा जब्त; घाटशिला में खनन माफियाओं में मचा हड़कंप
- JPSC चेयरमैन के घर तक पहुंची रिश्वत! CID जांच में सामने आया ₹2.5 लाख का कनेक्शन
- टाटा स्टील का बड़ा दांव, सिंगापुर में ₹3,260 करोड़ का निवेश; यूरोप कारोबार पर फोकस


