Spread the love

रांची : रांची-रामगढ़ एनएच-20 पर मंगलवार शाम उस समय लोगों की नजरें सड़क पर टिक गईं, जब 308 पहियों वाला विशालकाय हाइड्रोलिक मेगा ट्रेलर ओरमांझी ब्लॉक चौक से होकर गुजरा। कई सप्ताह से सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे इस मेगा ट्रेलर को प्रत्यक्ष देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट गई। विशाल वाहन को देखते ही लोग मोबाइल निकालकर फोटो और वीडियो बनाने लगे। कई लोगों में इसके साथ सेल्फी लेने की भी होड़ मच गई।

मेगा ट्रेलर के गुजरने के दौरान सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कुछ समय के लिए रांची-रामगढ़ मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई। हालांकि, ओरमांझी थाना पुलिस की मौजूदगी और ट्रेलर के आगे बढ़ने के बाद यातायात सामान्य हो गया।

ओडिशा से यूपी जा रहा है विशाल ट्रेलर

जानकारी के अनुसार, विशेष रूप से तैयार किया गया यह हाइड्रोलिक मेगा ट्रेलर ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से उत्तर प्रदेश स्थित एक चीनी मिल के लिए भारी औद्योगिक उपकरण लेकर जा रहा है। ट्रेलर का आकार और वजन सामान्य मालवाहक वाहनों की तुलना में काफी अधिक है। इसी वजह से इसे बेहद नियंत्रित और धीमी गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।

इसके सुरक्षित परिचालन के लिए मार्ग पर पर्याप्त जगह और ट्रैफिक प्रबंधन का ध्यान रखा जा रहा है। बड़े आकार के कारण वाहन को मोड़ने और आगे बढ़ाने में भी विशेष सावधानी बरती जा रही है।

सड़क पर गुजरता ‘महाकाय’ वाहन देखने उमड़े लोग

स्थानीय लोगों के मुताबिक, अब तक उन्होंने इस तरह के विशाल वाहन को ज्यादातर सोशल मीडिया पर तस्वीरों और वीडियो में ही देखा था। जब 308 पहियों वाला ट्रेलर सामने से गुजरा तो लोगों में इसे करीब से देखने की उत्सुकता बढ़ गई। ट्रेलर की लंबाई-चौड़ाई और पहियों की संख्या देखकर राहगीर भी कुछ देर के लिए रुकते नजर आए।

मेगा ट्रेलर के ओरमांझी से गुजरने की खबर आसपास के इलाकों में भी फैल गई थी। कई लोग इसे देखने के लिए सड़क किनारे पहुंच गए। विशाल वाहन के कारण कुछ देर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन ट्रेलर के आगे निकलते ही स्थिति सामान्य हो गई।

धीमी रफ्तार से तय हो रहा सफर

विशाल आकार और भारी वजन के कारण मेगा ट्रेलर प्रतिदिन सीमित दूरी ही तय कर पा रहा है। इसके रूट पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इसे बेहद धीमी गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। 308 पहियों वाला यह ट्रेलर जिस भी इलाके से गुजर रहा है, वहां लोगों के बीच कौतूहल का विषय बन रहा है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version