Spread the love

 

टाटा वर्कर्स यूनियन के कर्मचारियों के ग्रेड रिवीजन समझौते पर हस्ताक्षर के बाद पदाधिकारी व कर्मचारी।

जमशेदपुर: टाटा वर्कर्स यूनियन के कर्मचारियों के लिए बुधवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। लंबे समय से लंबित ग्रेड रिवीजन समझौते पर आखिरकार 2 सितंबर 2026 को हस्ताक्षर हो गया। समझौते के तहत कर्मचारियों के वेतन और विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी की गई है। सबसे खास बात यह है कि कर्मचारियों को इसका लाभ 1 जनवरी 2025 से एरियर के साथ मिलेगा।

सात साल के लिए हुआ वेतन समझौता

टाटा वर्कर्स यूनियन कॉन्फ्रेंस हॉल में दोपहर 12:15 बजे हुई बैठक में यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, महासचिव सतीश कुमार सिंह, सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे समेत पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसी दौरान लंबित ग्रेड रिवीजन समझौते पर हस्ताक्षर किया गया।

समझौते का कार्यकाल सात साल रखा गया है। इसमें कर्मचारियों के लिए न्यूनतम और अधिकतम बढ़ोतरी के साथ कई भत्तों में भी संशोधन किया गया है।

₹1500 से बढ़कर ₹3060 तक मिनिमम ग्रांटेड बेनिफिट

नए समझौते में मिनिमम ग्रांटेड बेनिफिट ₹1500 से बढ़ाकर ₹3060 तक किया गया है। ग्रेड रिवीजन के तहत कर्मचारियों को प्रतिमाह न्यूनतम ₹5050 और अधिकतम ₹7060 तक की बढ़ोतरी होने की बात कही गई है।

ट्रांसपोर्ट और हाउस रेंट अलाउंस में भी इजाफा

ट्रांसपोर्ट अलाउंस में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई है। अलग-अलग श्रेणियों में यह ₹1350 से बढ़कर ₹2100 और ₹1450 से बढ़कर ₹2200 किया गया है। वहीं हाउस रेंट अलाउंस को ₹1100 से बढ़ाकर ₹1550 कर दिया गया है।

इसके अलावा पहली बार फोर व्हीलर के लिए ट्रांसपोर्ट अलाउंस में अतिरिक्त बढ़ोतरी की गई है। 1 सितंबर 2026 से फोर व्हीलर के लिए यह राशि ₹2300 होगी। हालांकि कर्मचारी टू-व्हीलर या फोर-व्हीलर में से किसी एक का ही लाभ ले सकेंगे।

बच्चों की पढ़ाई से लेकर मोबाइल भत्ते तक राहत

एजुकेशन अलाउंस को ₹500 प्रति बच्चे से बढ़ाकर ₹1000 प्रति बच्चा किया गया है। मेंटेनेंस अलाउंस की राशि भी अलग-अलग श्रेणियों में ₹500 से ₹950 और ₹550 से ₹1000 की गई है।

मोबाइल एवं इंटरनेट अलाउंस ₹250 से बढ़कर ₹400 और वॉशिंग अलाउंस ₹500 से बढ़कर ₹1250 हो गया है।

HTC में भी बड़ी बढ़ोतरी

समझौते में HTC की राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। ₹14,000 और ₹18,000 की मौजूदा राशि को बढ़ाकर क्रमश: ₹24,800 और ₹28,800 किया गया है।

1 जनवरी 2025 से मिलेगा एरियर

समझौते की सबसे अहम बात यह है कि इसका लाभ कर्मचारियों को 1 जनवरी 2025 से एरियर सहित दिया जाएगा। यूनियन कर्मचारियों ने इस समझौते के लिए अध्यक्ष, महासचिव, सह-अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों को बधाई और धन्यवाद दिया।

बैठक में यूनियन के उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, संजीव तिवारी, राजीव कुमार चौधरी, सहायक सचिव अजय कुमार चौधरी और श्याम बाबू समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
Exit mobile version