जमशेदपुर हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी में बड़ा बदलाव! अतुल भटनागर बने चेयरपर्सन, चित्रा शर्मा को अध्यक्ष की कमा

जमशेदपुर : हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर (एचएसजे) की 10वीं वार्षिक आम सभा रविवार को एसएनटीआई ऑडिटोरियम, बिष्टुपुर में आयोजित हुई। बैठक में सोसाइटी की वर्षभर की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। एजीएम में उपनियमों एवं नियमावली में कई महत्वपूर्ण संशोधनों को भी आम सभा ने मंजूरी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत सेफ्टी पॉज के साथ हुई। इसके बाद एचएसजे की अध्यक्ष सुमिता नूपुर ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल के निरंतर सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही वर्षभर में सोसाइटी की ओर से आयोजित विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
पदेन चेयरपर्सन की जिम्मेदारी संभालेंगे अतुल भटनागर
एजीएम का सबसे महत्वपूर्ण फैसला सोसाइटी के नेतृत्व में बदलाव को लेकर रहा। आम सभा ने प्रस्ताव पारित कर टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक को सोसाइटी का पदेन चेयरपर्सन बनाए जाने को मंजूरी दी।
इसके बाद अतुल कुमार भटनागर, प्रबंध निदेशक, टाटा स्टील यूआईएसएल ने 6 सितंबर 2026 से हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर के पदेन चेयरपर्सन का दायित्व संभाल लिया।
वहीं, चेयरपर्सन की ओर से टाटा स्टील लिमिटेड अथवा टाटा स्टील यूआईएसएल से नामित व्यक्ति को पदेन अध्यक्ष बनाए जाने का प्रावधान भी स्वीकृत किया गया। इसके तहत चित्रा शर्मा को पदेन अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने सुमिता नूपुर का स्थान लिया।
सुकन्या दास को महासचिव की जिम्मेदारी
नई कार्यकारिणी में सुकन्या दास को मानद महासचिव बनाया गया है। वहीं बिपिन कुमार कोषाध्यक्ष और जगदीप सैनी को मानद संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।
एजीएम में सचिवीय प्रतिवेदन संयुक्त सचिव कृष्णेंदु शॉ ने प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष बिपिन कुमार ने लेखा परीक्षित वित्तीय विवरण सभा के समक्ष रखा, जिसे आम सभा ने अनुमोदित कर दिया।
फ्लावर शो से पर्यावरण तक, भविष्य की योजना तैयार
बैठक में आगामी फ्लावर शो और गार्डन ऑफ द ईयर प्रतियोगिता को लेकर भी रूपरेखा प्रस्तुत की गई। सदस्यों ने सोसाइटी की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर अपने सुझाव साझा किए।
चेयरपर्सन रुचि नरेंद्रन ने कार्यकारिणी समिति, सदस्यों, स्वयंसेवकों और अन्य हितधारकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने बागवानी को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता मजबूत करने को सोसाइटी की अहम जिम्मेदारी बताया।
नई टीम का फोकस-सदस्य सहभागिता और पर्यावरणीय स्थिरता
नवनियुक्त पदेन चेयरपर्सन अतुल कुमार भटनागर ने कहा कि आने वाले समय में सशक्त प्रशासन, सदस्य सहभागिता में वृद्धि, पर्यावरणीय स्थिरता और प्रमुख वार्षिक कार्यक्रमों के विस्तार पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने सोसाइटी को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए सदस्यों की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
ये है नई कार्यकारिणी
- पदेन चेयरपर्सन: अतुल कुमार भटनागर
- पदेन अध्यक्ष: चित्रा शर्मा
- उपाध्यक्ष: अश्वनी श्रीवास्तव, कैप्टन मनीष सिन्हा, वरुण बजाज
- मानद महासचिव: सुकन्या दास
- मानद संयुक्त सचिव: जयंता घोष, कमल किशोर
- कोषाध्यक्ष: बिपिन कुमार
- मानद संयुक्त कोषाध्यक्ष: जगदीप सैनी
- समन्वयक: ज्योति हांसदा, मनोज कुमार
रुचि नरेंद्रन और सुमिता नूपुर के योगदान की सराहना
आम सभा ने रुचि नरेंद्रन के चेयरपर्सन के रूप में दिए गए नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। वहीं सुमिता नूपुर की सेवाओं की भी सदस्यों ने सराहना की और नई अध्यक्ष चित्रा शर्मा का स्वागत किया।
कार्यक्रम का समापन उपाध्यक्ष अश्वनी श्रीवास्तव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने अतिथियों, सदस्यों, स्वयंसेवकों, प्रायोजकों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों के सहयोग के लिए आभार जताया।