
नीलाम्बर पिताम्बरपुर : गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, पलामू में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इंडक्शन प्रोग्राम ‘आरम्भिका-2026’ का छठा और अंतिम दिन ज्ञान, नवाचार, संचार कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ संपन्न हुआ। अंतिम दिन विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा, तनाव प्रबंधन, संचार कौशल, संस्कृति और तकनीकी नवाचार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
MOOCs, NPTEL और SWAYAM से बढ़ाएं ज्ञान और क्रेडिट
आंतरिक वक्ता डॉ. योगेश प्रजापति ने MOOCs, NPTEL और SWAYAM जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की उपयोगिता समझाई। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि इन माध्यमों से वे अपनी पढ़ाई के साथ अतिरिक्त तकनीकी ज्ञान और कौशल हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के जरिए विद्यार्थी अतिरिक्त क्रेडिट अर्जित कर बीटेक ऑनर्स की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं। बदलती तकनीकी दुनिया में लगातार नई चीजें सीखते रहना विद्यार्थियों के लिए बेहद जरूरी है।
तनाव से निपटने के साथ संचार कौशल पर जोर
नीरज कमल केरकेट्टा ने तनाव प्रबंधन और संचार कौशल पर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने सकारात्मक सोच, धैर्य और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों से चुनौतियों का सामना मजबूती से करने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि बेहतर संचार कौशल शैक्षणिक जीवन के साथ-साथ भविष्य के करियर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
गीत-नृत्य से सजा कार्यक्रम, छात्र क्लबों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के विभिन्न छात्र क्लबों का परिचय कराया गया। आर्ट्स एंड कल्चरल सोसाइटी की ओर से गीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
सोसाइटी प्रभारी प्रो. पंजीत कुमार लेंका ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बाहरी दबाव से प्रभावित होने के बजाय अपनी प्रतिभा और रुचि को पहचानकर उस दिशा में मेहनत करनी चाहिए।
गांवों की समस्याओं का तकनीकी समाधान तलाशेंगे विद्यार्थी
उन्नत भारत अभियान (UBA) सेल ने विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को समझने और उनका तकनीकी समाधान विकसित करने की प्रक्रिया बताई। विद्यार्थियों को गांवों में जाकर समस्याओं का सर्वेक्षण करने और इंजीनियरिंग के माध्यम से समाधान तलाशने की दिशा में प्रेरित किया गया।
वहीं विज्ञान एवं नवाचार क्लब ने वैज्ञानिक प्रयोग, प्रोजेक्ट निर्माण और नवाचार की संभावनाओं से विद्यार्थियों को परिचित कराया।
छह दिनों में पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व विकास पर फोकस
‘आरम्भिका-2026’ के छह दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास, संचार, तनाव प्रबंधन, संस्कृति, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों से जोड़ा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक और सामाजिक वातावरण से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के संरक्षक प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सिंह, संयोजक डॉ. सुमित कुमार और समन्वयक डॉ. मुरली मनोहर हैं। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों, शिक्षकों, छात्र समन्वयकों और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।