
गिरिडीह : झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का श्राद्धकर्म (बारहवीं) आज हरसिंगरायडीह स्थित उत्सव उपवन में होगा। श्राद्धकर्म में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न दलों के नेता शामिल होंगे। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के भी पहुंचने की संभावना है।
25 हजार से अधिक कार्ड बांटे, 20 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद
झामुमो सूत्रों के अनुसार श्राद्धकर्म के लिए 25 हजार से अधिक आमंत्रण कार्ड बांटे गए हैं। आयोजन में 20 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बड़ी संख्या में लोगों के आने को देखते हुए आयोजन स्थल और शहर में प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
सुरक्षा के लिए चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात, भारी वाहनों की नो-एंट्री
विशिष्ट एवं अति विशिष्ट लोगों के आगमन और संभावित भीड़ को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शहर में आज रात 12 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
दोपहर 1:10 बजे पहुंचेंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोपहर 1:10 बजे हरसिंगरायडीह स्थित उत्सव उपवन पहुंचेंगे और श्राद्धकर्म में शामिल होंगे। इससे पहले वह 12:40 बजे विशेष विमान से गिरिडीह हवाई अड्डा पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से आयोजन स्थल जाएंगे। मुख्यमंत्री शाम पांच बजे गिरिडीह से रांची के लिए प्रस्थान करेंगे।
श्राद्धकर्म में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मंत्रियों के अलावा सांसद-विधायक तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के पहुंचने से गिरिडीह में आज पूरे दिन राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां भी तेज रहने की संभावना है।