
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह ब्लड बैंक के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। फोर-व्हीलर और सीएनजी ऑटो के बीच हुई जोरदार टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद सीएनजी ऑटो से गैस रिसाव की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के बाद कोई बड़ा अनहोनी नहीं हुई।
कदमा से यात्रियों को लेकर आ रहा था ऑटो
ऑटो चालक अनुज कुमार गुप्ता, निवासी शास्त्री नगर कदमा, ने बताया कि वह कदमा गणेश मैदान से यात्रियों को बैठाकर आ रहे थे। उनके मुताबिक वह अपनी दिशा में जा रहे थे, तभी साकची की ओर से आ रही इंडिगो कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
ऑटो चालक ने कार की रफ्तार करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा होने का दावा किया। उन्होंने कार चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप भी लगाया।
कार चालक ने आरोपों से किया इनकार
वहीं कार चालक गुरुदेव रॉय, निवासी कदमा, ने शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप से इनकार किया। उनका कहना था कि वह सामान्य स्थिति में कार चला रहे थे और वाहन की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा थी।
कार चालक के अनुसार दुर्घटना ऑटो के ओवरटेक करने के दौरान हुई। इस तरह हादसे को लेकर दोनों वाहन चालकों के दावे अलग-अलग हैं।
CNG गैस लीक होने से बढ़ी चिंता
टक्कर के बाद ऑटो से हल्का गैस रिसाव होने की बात सामने आई। मौके पर मौजूद लोगों को आशंका थी कि यदि गैस के संपर्क में आग या सिगरेट आ जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। हादसे के बाद ऑटो में सवार कुछ यात्री मौके से चले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार फोर-व्हीलर और टेम्पो के बीच टक्कर हुई है और दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
कार चालक के नशे में होने के सवाल पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने तेज रफ्तार की बात भी कही है।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बयान और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।