
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम में आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों की अब ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
हर दिन पांच गतिविधियों की फोटो होगी अपलोड
राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान पोषण कैलेंडर के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों में होने वाली गतिविधियों को पोर्टल पर नियमित रूप से दर्ज करना होगा। प्रत्येक केंद्र से प्रतिदिन पांच गतिविधियों की फोटो पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, पोषण ट्रैकर ऐप पर केंद्र के खुलने, बच्चों की उपस्थिति और पोषाहार वितरण की दैनिक ऑनलाइन प्रविष्टि भी अनिवार्य की गई है।
कुपोषित बच्चों की होगी पहचान
बैठक में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार पंजीकरण की भी समीक्षा हुई। स्कूलों में लगने वाले आधार शिविर के माध्यम से आंगनबाड़ी से जुड़े बच्चों का आधार पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया। SAM श्रेणी के बच्चों की पहचान कर उन्हें उपचार और पोषण सेवाओं के लिए MTC रेफर करने तथा शत-प्रतिशत वृद्धि निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के योग्य लाभुकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने तथा सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में सीडीपीओ स्तर पर लंबित मामलों को शून्य करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को नियमित अनुश्रवण करते हुए पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी सीडीपीओ और महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित थीं।