
रांची : भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार, 23 सितंबर को संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए विभिन्न राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियां की हैं। झारखंड में गजेंद्र पटेल को नया प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होने की जानकारी दी गई है।
झारखंड की जिम्मेदारी अब गजेंद्र पटेल के हाथ
गजेंद्र पटेल मध्य प्रदेश की खरगोन लोकसभा सीट से भाजपा सांसद हैं। संगठनात्मक बदलाव के तहत उन्हें झारखंड का प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले झारखंड भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के पास थी।
पटेल के साथ छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक सौरभ सिंह और बिहार की निवेदिता सिंह झारखंड के सह-प्रभारी के रूप में काम करेंगी। पार्टी की ओर से यह बदलाव संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।
झारखंड के दो नेताओं को यूपी की जिम्मेदारी
नई सूची में झारखंड भाजपा के प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। यानी एक तरफ झारखंड में नए प्रभारी और सह-प्रभारी लगाए गए हैं, वहीं राज्य के दो नेताओं को उत्तर प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी में शामिल किया गया है।
संगठन में समन्वय और गतिविधियों पर रहेगा फोकस
नई जिम्मेदारियों के तहत प्रभारी और सह-प्रभारी प्रदेश संगठन के साथ समन्वय, कार्यकर्ताओं से संपर्क और पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े कार्यों में भूमिका निभाएंगे। झारखंड के लिए एक प्रभारी के साथ दो सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।