जमशेदपुर : सोनारी मरीन ड्राइव पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार्मेल जूनियर कॉलेज के चार विद्यार्थियों की असामयिक मौत पर सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने गहरा शोक जताया है। चैम्बर ने घटना को पूरे जमशेदपुर के लिए अत्यंत दुखद और झकझोर देने वाला बताते हुए मृत विद्यार्थियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
तड़के करीब 2:30 बजे हुआ था हादसा
सिंहभूम चैम्बर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सोनारी मरीन ड्राइव पर तड़के करीब 2:30 बजे दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। हादसे में कार्मेल जूनियर कॉलेज की कक्षा 12वीं कॉमर्स के चार छात्र-छात्राओं की जान चली गई। कम उम्र में चार विद्यार्थियों की मौत ने उनके परिवारों के साथ शहर के लोगों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
सार्थक, नमन, तृषा और वंशिका की हुई मौत
चैम्बर की विज्ञप्ति के अनुसार, हादसे में सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, तृषा सिंह और वंशिका खंडेलवाल का निधन हुआ। सार्थक के पिता चेतन अग्रवाल और नमन के पिता राजीव गुप्ता हैं। तृषा सिंह के पिता रत्नेश सिंह हैं और उनकी माता झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका सिंह पाण्डेय हैं। वहीं, वंशिका खंडेलवाल के पिता पंकज खंडेलवाल हैं।
चैम्बर ने चारों विद्यार्थियों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।
मानव केडिया बोले- पूरे जमशेदपुर के लिए बेहद दुखद घटना
सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि यह हृदयविदारक सड़क हादसा पूरे जमशेदपुर के लिए अत्यंत दुखद और झकझोर देने वाली घटना है। इतनी कम उम्र में चार होनहार विद्यार्थियों का असामयिक निधन बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा चैम्बर परिवार मृत विद्यार्थियों के शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है।
परिजनों को दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना
सिंहभूम चैम्बर ने दिवंगत विद्यार्थियों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
चैम्बर ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना से हर कोई व्यथित है। संस्था ने एक बार फिर चारों विद्यार्थियों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त की है।




