
जमशेदपुर : सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर डेंजर लेवल से ऊपर पहुंचने के बीच शुक्रवार देर रात सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में बड़ा हादसा हो गया। नदी में मछली पकड़ने के दौरान अचानक नाव पलट गयी। नाव पर सवार तीन युवकों में से एक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गये। शनिवार सुबह से स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश की जा रही है।
लापता युवकों की पहचान बारीडीह मीरा पथ निवासी अमित कुमार उर्फ गजनी और जिला स्कूल के समीप रहने वाले अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है। नदी में तेज धार और बढ़े हुए जलस्तर के कारण तलाशी अभियान में काफी परेशानी आ रही है।
नदी के बीच अचानक बिगड़ा नाव का संतुलन
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक तैराकी जानते थे और अक्सर सुवर्णरेखा नदी में नाव के जरिए मछली पकड़ने जाते थे। शुक्रवार देर रात भी अमित कुमार उर्फ गजनी और अमित कुमार उर्फ बिट्टू अपने साथी विक्की के साथ नाव लेकर नदी में गये थे। मछली पकड़ने के दौरान जब नाव नदी के बीच पहुंची, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गयी।
नाव पलटने के बाद तीनों युवक पानी में गिर गये। विक्की किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया। वहीं अमित और बिट्टू तेज बहाव में बह गये। साथी के सुरक्षित बाहर आने के बाद दोनों युवकों के लापता होने की जानकारी आसपास के लोगों को हुई।
रात में भी नदी किनारे खोजबीन
घटना की सूचना मिलते ही बारीडीह मीरा पथ और आसपास की बस्तियों के लोग नदी किनारे पहुंच गये। स्थानीय युवकों ने रात में ही दोनों की तलाश शुरू कर दी। नदी किनारे से लुआबासा पुल तक खोजबीन की गयी, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण पानी में उतरकर तलाश करना खतरनाक साबित हो रहा था।
शनिवार सुबह रोशनी होने के बाद स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया। गोताखोरों की टीम नदी के अलग-अलग हिस्सों में लापता युवकों की तलाश कर रही है। तेज धारा के कारण आशंका वाले स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस पहुंची, बचाव अभियान तेज
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की सहायता लेने की भी तैयारी की जा रही है।
हादसे की खबर फैलते ही नदी किनारे परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी। दोनों युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
फिलहाल पुलिस, स्थानीय गोताखोर और बचाव दल दोनों युवकों की तलाश में जुटे हैं। नदी का तेज बहाव अभियान में सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।