
सरायकेला : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती में 25 सितंबर की रात हुई गोलीबारी और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे घर में कथित तौर पर रखे अवैध कमाई के पैसे को लूटने की साजिश थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी है।
रिश्तेदार ने साथियों के साथ रची थी साजिश
एसडीपीओ सरायकेला अनुभव भारद्वाज के अनुसार, मुख्य आरोपी शेख अजहरुद्दीन कल्लू खान का रिश्तेदार और पूर्व परिचित है। पुलिस जांच में सामने आया कि अजहरुद्दीन अपने साथी कादिम खान और अन्य अपराधियों के साथ 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे कल्लू खान के घर पहुंचा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को शक था कि घर में बड़ी मात्रा में अवैध कमाई का पैसा रखा हुआ है। करीब एक घंटे तक बातचीत के बहाने घर में रुकने के बाद अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई।
सिर को छूकर निकली गोली
गोलीबारी में अब्दुल जाफर, पिता अब्दुल वाहिद, के सिर को छूते हुए गोली निकल गई। घायल जाफर का इलाज जमशेदपुर के टीएमएच में चल रहा है। पुलिस ने इसे लूटपाट और हत्या की नीयत से किया गया हमला बताया है।
भाग रहे आरोपी को लोगों ने पकड़ा
घटना के बाद एक आरोपी प्रकाश चंद्र नायक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, ओडिशा के नयागढ़ जिले के ओडगांव थाना क्षेत्र निवासी प्रकाश चंद्र नायक का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में हत्या व डकैती के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है।
ओडिशा तक पहुंची पुलिस की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल बनाया गया। टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अंजनी कुमार, सब-इंस्पेक्टर विक्रमादित्य पांडेय, हीरालाल कुमार, असलम अंसारी और सशस्त्र बल शामिल थे।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने ओडिशा के मयूरभंज जिले के जशीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 19 वर्षीय बबलू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता, पिता परमानंद मोहंता को गिरफ्तार किया।
मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश तेज
पुलिस ने इस मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 269/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शेख अजहरुद्दीन, कादिम खान और उनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ ने कहा कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।