जमशेदपुर : शनिवार तड़के करीब चार बजे NH-33 पर झाबरी गांव के पास कोलकाता से रांची जा रही बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 25 यात्री सवार थे।
स्थानीय लोगों ने पहुंचकर यात्रियों को बस से बाहर निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही चौका पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में तीन यात्री घायल हुए, जिन्हें तत्काल चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घायलों में गिरिडीह निवासी सुखदेव दास (45) समेत एक महिला और एक बच्चा शामिल बताया गया है।
हाईवे पर लगा जाम, क्रेन से हटाई गई दुर्घटनाग्रस्त बस
बस के सड़क पर पलट जाने से NH-33 पर एक तरफ का यातायात बाधित हो गया। वाहनों को निकलने में परेशानी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। बाद में हाइड्रा और क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
हादसे के बाद यात्रियों ने बदले अपने सफर के साधन
दुर्घटना के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने दूसरे वाहनों की व्यवस्था की और अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। चौका पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



