
- डीसी कार्यालय में हुई बैठक में बनी सहमति, एक सप्ताह में तैयार होगी नई एसओपी; टाटा स्टील यूआईएल और जेएनएसी के अधिकारियों ने रखा पक्ष
जमशेदपुर : टाटा कमांड एरिया में रहने वाले लोगों के लिए पानी और बिजली कनेक्शन को लेकर बड़ी राहत मिलने वाली है। अब कनेक्शन लेने के लिए ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट की अनिवार्यता खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। इस संबंध में डीसी कार्यालय में हुई बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
बैठक में टाटा स्टील यूआईएल, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के अधिकारी और विधिक टीम मौजूद रही। चर्चा के दौरान सामने आया कि ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट नहीं होने के कारण कई परिवारों को बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का कनेक्शन लेने में परेशानी हो रही है।
एक सप्ताह में तैयार होगी नई एसओपी
बैठक में तय किया गया कि इस व्यवस्था को सरल बनाने के लिए एक सप्ताह के भीतर नई एसओपी तैयार की जाएगी। इसके बाद नियमों के अनुरूप जरूरतमंद परिवारों को पानी और बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दूसरे इलाकों में नियम नहीं, तो यहां क्यों?
बैठक में यह मुद्दा भी उठा कि झारखंड के दूसरे शहरों और पूर्वी सिंहभूम जिले के अन्य क्षेत्रों में इस तरह की बाध्यता नहीं है। ऐसे में टाटा कमांड एरिया के लोगों के लिए अलग व्यवस्था होने को लेकर भी चर्चा हुई। प्रशासन का प्रयास है कि कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में अनावश्यक अड़चन न रहे।