
- नेमरा पहुंचे संजय सेठ समेत कई जनप्रतिनिधि, हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन को दी सांत्वना
रामगढ़/नेमरा : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए शुक्रवार को कई जनप्रतिनिधि नेमरा स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचे। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दिवंगत रूपी सोरेन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
संजय सेठ समेत कई नेताओं ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक डॉ. नीरा यादव, विधायक ममता देवी और पूर्व विधायक लंबोदर महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। सभी ने उनकी माता के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
हेमंत और कल्पना सोरेन को दी सांत्वना
जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन को सांत्वना देते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की कामना की। सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
नेमरा स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की गई।