Spread the love

जमशेदपुर: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने साकची स्थित स्ट्रेट माइल रोड में लगातार दूसरे दिन विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया, वहीं अतिक्रमण कर व्यवसाय कर रहे दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया।
शनिवार को साकची चौक से रामलीला मैदान तक चले इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी ट्रैफिक नीरज पाठक ने किया। उनके साथ क्यूआरटी के जवान और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को हटाया गया और नियमों की अनदेखी करने वाले बाइक चालकों का चालान काटा गया। वहीं ब्लैक फिल्म लगी एक कार पर भी जुर्माना लगाया गया।
डीएसपी नीरज पाठक ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क किनारे अवैध पार्किंग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट माइल रोड पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
वहीं जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (जेएनएसी) के पदाधिकारी अशोक तिवारी ने बताया कि साकची क्षेत्र के मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण कर दुकानें लगाई जा रही हैं। ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया जा रहा है और जुर्माना भी वसूला जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए आने वाले दिनों में भी नियमित रूप से इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
error: Content is protected !!
Exit mobile version