
जमशेदपुर/बहरागोड़ा:
जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपोड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी में 8 दिन पहले मिले जिंदा बम को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। सोमवार को इस बम को निष्क्रिय करने के लिए भारतीय थल सेना के जवान और झारखंड सरकार की बम स्क्वायड टीम रांची से मौके पर पहुंची।
सेना और बम निरोधक दस्ता के अधिकारियों ने सबसे पहले बम और उसके आसपास के क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया। इसके बाद ड्रोन की मदद से पूरे इलाके का बारीकी से मापन किया गया, ताकि आगे की कार्रवाई सुरक्षित और सटीक तरीके से की जा सके।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बम काफी शक्तिशाली है, जिसे निष्क्रिय करने के लिए विशेष संसाधनों और तकनीक की आवश्यकता होगी। फिलहाल इसे सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज करने को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर बहरागोड़ा प्रशासन ने बम के आसपास के इलाके को पूरी तरह घेराबंदी कर दी है। साथ ही ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे नदी के पास न जाएं और मछली पकड़ने या मवेशी चराने से बचें।
इस मौके पर डीएसपी अजीत कुजूर, इंस्पेक्टर अनिल कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते नजर आए।
📍 रिपोर्ट: बिनोद केसरी, जमशेदपुर
📞 9431906113 / 6203488947
