जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के संत रॉबर्ट स्कूल के पास स्थित एक घर में दिनदहाड़े चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गुलगुलिया गैंग की दो महिला सदस्यों ने एक मासूम बच्ची को ढाल बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देने की कोशिश की। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण दोनों महिलाओं को मौके से कुछ दूरी पर पकड़ लिया गया। पीड़ित मकान मालिक अमन कुमार ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के दूसरे कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों महिलाएं एक छोटी बच्ची को साथ लेकर घर में दाखिल हुईं, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। योजना के तहत एक महिला घर के बाहर निगरानी कर रही थी, जबकि दूसरी महिला चुपके से कमरे में घुस गई और अलमारी से पैसे निकाल लिए।
परिजनों को जब आहट मिली और वे कमरे में पहुंचे, तब तक दोनों महिलाएं भागने लगीं। परिवार के अनुसार, अलमारी से 500 रुपये चोरी किए गए थे, जो बाद में महिलाओं की तलाशी के दौरान बरामद हो गए। घटना के बाद अमन कुमार और स्थानीय लोगों ने पीछा कर दोनों महिलाओं को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब 45 मिनट तक पुलिस वैन का इंतजार किया गया, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। काफी देर तक पुलिस के नहीं आने और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने दोनों महिलाओं को छोड़ दिया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आपात स्थिति में भी पुलिस समय पर नहीं पहुंचती। स्थानीय निवासियों ने परसुडीह पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


