
देवघर: देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी कट्टा, दो 8 एमएम के जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान चार अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे मामले का खुलासा शुक्रवार को सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह स्थित सरकंडा जंगल के पास छह अपराधी हथियारों के साथ एक बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही कुंडा और देवीपुर थाना की संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जंगल के आसपास घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान चार अपराधी भाग निकले, जबकि दो को मौके से दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र निवासी अनर पासवान और देवघर के चांदडीह निवासी अविनाश साह के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों के आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार दोनों पहले भी डकैती, लूट, छिनतई और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुके हैं तथा लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल जब्त की। बरामद सामान को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं फरार चार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।