
जमशेदपुर पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया है, साथ ही इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि 12 अप्रैल को ओडिशा से जमशेदपुर के रास्ते एक कार के माध्यम से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और एक संदिग्ध कार को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार से करीब 50 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की बाजार कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है। कार में सवार दो युवकों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान भीम यादव और राजकुमार पाल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।

