
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मुसाबनी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक टाटा मैजिक वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की मध्य रात्रि मुसाबनी थाना को सूचना मिली थी कि एक टाटा मैजिक वाहन के जरिए अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में जामशोला मुख्य मार्ग पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध टाटा मैजिक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 25 कार्टन में कुल 300 बोतल किंगफिशर बीयर तथा एक कार्टन में 12 बोतल एलीट व्हिस्की बरामद की गई। मौके से वाहन चालक जानुम सिंह सुंडी और उसके सहयोगी सोमा पूर्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अवैध शराब तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया कि शराब की यह खेप पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी बुधराम बेसरा के घर पहुंचाई जानी थी, जहां इसकी अवैध बिक्री की जानी थी।
फिलहाल पुलिस ने बरामद शराब, टाटा मैजिक वाहन और अन्य संबंधित सामान को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है तथा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।