
जमशेदपुर : जमशेदपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजादनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से हथियार और जिंदा गोली बरामद की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:15 बजे आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित गंगोर स्वीट्स के पास शेख शारिक इमाम ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। इस दौरान जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया, तो आरोपी ने देसी कट्टा लहराते हुए लोगों को डराया और अपने साथी सलमान के साथ बाइक से फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। अनुसंधान के क्रम में 2 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शेख शारिक इमाम और उसके साथी मोहम्मद सलमान को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शेख शारिक इमाम का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

