
जमशेदपुर: राजधानी रांची में छात्रों के आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। भाजपा झारखंड प्रदेश के आह्वान पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने भी शहर में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से बंद को सफल बनाने की अपील की है। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कार्यकर्ताओं और आम लोगों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई है। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने आरोप लगाया कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि अपने हक और अधिकार की मांग को लेकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई और लाठीचार्ज सरकार के दमनकारी रवैये को दर्शाता है। भाजपा छात्रों की विभिन्न मांगों और उनके अधिकारों की लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 11 अगस्त को जमशेदपुर की सड़कों पर उतरकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से बंद को सफल बनाएंगे। उन्होंने शहर के व्यवसायियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की कि झारखंड के युवाओं के सुरक्षित भविष्य, रोजगार और उनके हक-अधिकार के समर्थन में अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दें। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को इससे मुक्त रखा जाएगा। एम्बुलेंस, अस्पताल, दवा दुकान, दूध की दुकान, एलपीजी गैस और अन्य जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी। इसके अलावा कांवड़िया यात्रा और श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं किया जाएगा।
महानगर भाजपा ने सभी कार्यकर्ताओं से बंद के दौरान अनुशासन बनाए रखने और इसे पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाने की अपील की है। कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं करने का निर्देश दिया गया है। संजीव सिन्हा ने कहा कि यह बंद युवाओं के भविष्य और उनकी लोकतांत्रिक आवाज के समर्थन में है। सरकार को छात्रों और युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुनना होगा। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा अपनी आवाज बुलंद करेगी और युवाओं के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रखेगी।