Spread the love

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): सोनारी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की लोहे के रॉड से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सनातन हेंब्रम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी भाई दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात दोनों भाई शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आए दुखू हेंब्रम ने लोहे के रॉड से सनातन हेंब्रम पर कई वार कर दिए। हमले में सनातन के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी अपने घायल भाई को घर लेकर आया, लेकिन उसने परिवार के अन्य सदस्यों को मारपीट की जानकारी नहीं दी। घायल सनातन को उसके कमरे में सुला दिया गया। घरवालों को लगा कि वह नशे की हालत में सो रहा है। अगले दिन सुबह आरोपी अपने काम पर चला गया, जबकि सनातन पूरे दिन कमरे में पड़ा रहा।

आरोपी दुखु हेंब्रम

अगले दिन खुला मौत का राज
सोमवार रात जब दुखू हेंब्रम वापस घर लौटा और अपने भाई को देखने गया तो वह मृत अवस्था में मिला। इसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मामला सामने आते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सनातन गंभीर रूप से घायल था और समय पर उसे अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। लेकिन घटना को छिपाने के कारण उसे इलाज नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बरामद किया हथियार
सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि आरोपी दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड भी बरामद कर लिया है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक अपने तीन भाइयों के साथ झाबरी बस्ती में रहता था। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version