Spread the love

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई मामले का जमशेदपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 7 जुलाई को टेल्को घड़ी पार्क के पास स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद टेल्को थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान हुडको टेस्टिंग यार्ड के पास वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविंदपुर निवासी विक्रम हो (25 वर्ष) के रूप में हुई। उसकी तलाशी लेने पर पुलिस ने छीनी गई सोने जैसी चेन के दो टूटे हुए टुकड़े और घटना में इस्तेमाल की गई चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिंडी के साथ मिलकर महिला से चेन छिनतई की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने यह भी बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक उसी दिन सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह से चोरी की गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, विक्रम हो के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, चेन छिनतई और अन्य आपराधिक मामलों के करीब 10 मामले पहले से दर्ज हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version