Spread the love

जमशेदपुर: शहर के सिद्धगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित जैप-6 के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पुलिस का पीछा कर रहे अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एक महिला से चैन छिनतई कर फरार हुए अपराधियों का पुलिस पीछा कर रही थी। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधी सूर्य मंदिर क्षेत्र की ओर भाग रहे थे। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर उनकी घेराबंदी शुरू कर दी थी।
बताया जा रहा है कि पीछा किए जाने पर अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागते हुए जैप-6 कैंपस में घुस गए। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, 12 से अधिक जिंदा कारतूस तथा कई सोने की चेन बरामद की गई हैं। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस मामले में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
घटना के बाद पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और कुछ संदिग्ध लोगों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
मौके पर एएसपी सहित कई थाना प्रभारी पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के साथ-साथ अपराधियों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
error: Content is protected !!
Exit mobile version